NSUI कार्यकर्ताओं को पुलिस ने घसीटा, 6 गिरफ्तार; इंदौर में यूनिवर्सिटी के खिलाफ कर रहे थे प्रदर्शन

इंदौर। इंदौर में देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के आरएनटी परिसर में मंगलवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को जमीन पर पटक कर घसीटा। पुलिस ने एनएसयूआई जिला अध्यक्ष रजत पटेल समेत 6 पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।
एनएसयूआई पदाधिकारियों का कहना है कि यूनिवर्सिटी में रिजल्ट में देरी, कॉपियों के मूल्यांकन में गड़बड़ी और अन्य अनियमितताओं के कारण छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर मंगलवार दोपहर छात्र कैंपस पहुंचे थे।
पुलिस ने बताया कि कई छात्र नेता विरोध से ज्यादा सोशल मीडिया के लिए रील बनाने में व्यस्त थे। कुछ छात्र नेता बार-बार बैरिकेड्स लांघने की कोशिश कर रहे थे, ताकि कैमरे में अच्छे शॉट्स आ सकें।
NSUI workers were dragged by police in Indore

पुलिस की घोषणा- शालीनता से ज्ञापन देकर जाइए
पुलिस को माइक पर घोषणा करनी पड़ी- आप रील के चक्कर में ऐसा मत कीजिए, शालीनता से ज्ञापन देकर जाइए। छावनी बने कैंपस प्रदर्शन को देखते हुए आरएनटी परिसर में पहले से ही पुलिस बल तैनात था। जब छात्रों ने जबरन कैंपस के अंदर घुसने की कोशिश की, तो पुलिस के साथ उनकी झूमा-झटकी हो गई।
एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा के मुताबिक कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे थे। उन्हें लगातार समझाइश दी जा रही थी, लेकिन वे नहीं माने और धक्का-मुक्की करने लगे, तो एहतियात के तौर पर 6 मुख्य पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। बाकी कार्यकर्ताओं को समझाकर छोड़ दिया गया।
NSUI workers were dragged by police in Indore
NSUI का रुख- निर्णायक होगी लड़ाई
संगठन का दावा है कि जब तक विश्वविद्यालय कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करता, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में प्रदेश, जिला और महाविद्यालय स्तर के कई बड़े पदाधिकारी शामिल थे।
