रतलाम में टाइल्स से भरा ट्रक लोडिंग वाहन पर पलटा, तीन की मौत; क्रेन-JCB की मदद से ढाई घंटे में निकाले शव

रतलाम। टाइल्स से भरा ट्रक लोडिंग वाहन पर पलट गया। ट्रक के नीचे दबने से लोडिंग वाहन में सवार तीन लोगों की मौत हो गई। वजन के कारण शव बुरी तरह चिपक गए थे, जिन्हें निकालने के लिए क्रेन और जेसीबी की मदद से करीब ढाई घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। मृतकों में दो रतलाम और एक झाबुआ का रहने वाला था।
हादसा सोमवार रात करीब 10:30 बजे रतलाम-झाबुआ रोड पर ट्रक के चढ़ाई चढ़ते समय रिवर्स लेने के दौरान हुआ।
A truck carrying tiles overturned on a loading vehicle in Ratlam and 3 killed
कोयला घाटी पर चढ़ाई चढ़ते समय बिगड़ा बैलेंस
झाबुआ की तरफ से रतलाम आ रहा ट्रक कोयला घाटी की चढ़ाई चढ़ रहा था। ट्रक बिलपांक थाना क्षेत्र के गांव उंडवा के पास पहुंचा, तभी वह असंतुलित होकर रिवर्स हो गया।
इससे पीछे चल रहा अंडे के खाली कैरेट से भरा छोटा लोडिंग वाहन उसकी चपेट में आ गया। ट्रक रिवर्स होकर लोडिंग वाहन पर पलट गया। इसके बाद दोनों वाहन सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे।

A truck carrying tiles overturned on a loading vehicle in Ratlam and 3 killed
JCB और क्रेन से अलग किए वाहन
सूचना पर बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान बल के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रक और लोडिंग वाहन को अलग करने के लिए दो क्रेन और जेसीबी की मदद ली गई।
करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद लोडिंग वाहन में दबे तीनों शवों को बाहर निकाला जा सका। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एम्बुलेंस से रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हादसे के कारण रास्ता भी प्रभावित रहा, जिसे ट्रक हटाने के बाद चालू कराया गया।
हादसे में इनकी मौत हुई
मृतकों की पहचान अब्दुल हमीद (50) पिता फैज मोहम्मद निवासी झाबुआ, रियाज (48) पिता शब्बीर अहमद निवासी सुभाष नगर रेलवे फाटक के पास (रतलाम) और जफर (52) पिता अब्दुल शकूर निवासी मोहन टॉकिज पिंजारवाड़ी (रतलाम) के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी अयूब खान ने बताया कि आशंका है कि ट्रक में तकनीकी खराबी आने पर वह रिवर्स हुआ, पीछे चल रहे लोडिंग वाहन पर चढ़ते हुए पलट गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
A truck carrying tiles overturned on a loading vehicle in Ratlam and 3 killed
