मुरैना में कांग्रेस की किसान सभा, कमलनाथ बोले- लाड़ली योजना से पाप धो रहे शिवराज
मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना के जौरा में पूर्व सीएम कमलनाथ ने किसान सभा को संबोधित किया। शनिवार को मंडी प्रांगण में आयोजित सम्मेलन में कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि लाड़ली योजना लाकर शिवराज सिंह अपने पाप धोने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश को कोरोना, बेरोजगारी, महिलाओं को दुष्कर्म और शराब दी है। वे शिलान्यास करने वाले मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया।
हाथ जोड़कर कांग्रेस की सरकार बनाने का निवेदन
मंच से कमलनाथ ने कहा- मैं न तो राजा हूं और न ही मामा, मैं तो जनता का सेवक हूं। शिवराज सिंह ने 18 साल तक न महिलाओं और किसानों की सुध नहीं ली। हमने तो 14 महीने की सरकार में किसानों के ऋण माफ कर दिए थे, लेकिन भाजपा ने तो वह भी नहीं किए। लाड़ली बहना योजना तब लेकर आए। जब उन्हें लगा कि सरकार हाथ से जा रही है।
अभी तक यह योजना शुरू क्यों नहीं की? असल में वे इस योजना द्वारा 18 साल के पाप धोना चाहते हैं। उन्होंने जनता को कुछ नहीं दिया। भाजपा सरकार की मनमानी से जनता त्रस्त है। वह भाजपा से पीछा छुड़ाना चाहती है। कमलनाथ ने जनतासे हाथ जोड़कर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए निवेदन किया।
युवा, किसान और सरकारी कर्मचारी, सब परेशान
कमलनाथ यहां मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से किसान, युवा व कर्मचारी त्रस्त हैं। भाजपा के 18 साल के शासन में प्रदेश की अर्थव्यवस्था, कानून व्यवस्था, राशन व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, अतिथि शिक्षक, संविदा कर्मचारी हड़ताल पर, यहां तक कि वकील तक हड़ताल पर हैं।
ये नेता रहे मौजूद
कमलनाथ के साथ नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ला व विधायकों में लाखन सिंह, राकेश मावई, अजब सिंह कुशवाह, रविन्द्र भिड़ौसा, बैजनाथ कुशवाह व पूर्व मंत्री रामनिवास रावत, महापौर शारदा सोलंकी, किसान कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुर्जर, मधुराज सिंह तोमर, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी, जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष जौरा मनोज सिंह सिकरवार, पूर्व प्रत्याशी पंकज उपाध्याय, राकेश यादव पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत, भानुप्रताप सिंह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष, वृन्दावन सिंह सिकरवार, संजय यादव व हरीसिंह कुशवाह जिला पंचायत सदस्य सहित तमाम पदाधिकारी व हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तीन घंटे तक लगा रहा जाम
कमलनाथ के जाने के बाद जौरा की सड़कों पर जाम लग गया। आयोजन में भाग लेने आए कार्यकर्ताओं के वाहनों व बसों के कारण तीन घंटे जाम लगा रहा। यहां वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बाद में जौरा थाना पुलिस ने अन्य थानों की पुलिस बुलाई, तब कहीं जाम खुलवाया जा सका। इस बीच, जौरा से लेकर कैलारस तक जाम जैसी स्थिति रही। दोपहर तेज धूप में बसों में सवार महिलाएं व बच्चे तपते रहे।