Monday, July 28, 2025
MPPolitics

कर्नाटक जीत पर कांग्रेसियों ने पटाखे फोड़े, लगाए जय सियाराम के नारे; दिग्विजय बोले- ऑपरेशन लोटस के लिए अब सिंधिया नहीं  

भोपाल। कर्नाटक ‌विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली जीत असर मध्यप्रदेश में देखने को मिला। भोपाल में कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में जमकर जश्न मनाया गया। कांग्रेस नेताओं ने पटाखे फोड़कर मिठाई बांटी। कार्यकर्ताओं ने जय सियाराम के नारे लगाए। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष संतोष कंसाना हनुमान जी की तस्वीर लेकर पहुंचीं। पार्टी नेताओं ने इसे बजरंग बली का आशीर्वाद बताया। वहीं, बीजेपी ने इस जीत को कर्नाटक का ट्रेंड बताया है।

पढ़िए, कर्नाटक जीत पर मध्यप्रदेश के नेताओं की प्रतिक्रिया

MP में सौदेबाजी की राजनीति नहीं

पूर्व मुख्यमंत्री व पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा- कर्नाटक की जीत ने दिखा दिया है कि जनता सच्चाई का साथ देती है। मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार बनेगी। यहां सौदेबाजी की राजनीति नहीं चलेगी। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता अब मध्यप्रदेश चुनाव के लिए कमर कस ले।

अब हमारे पास कोई सिंधिया नहीं

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा- अगर वे (भाजपा) करोड़ों रुपए खर्च करेंगे तो ‘ऑपरेशन लोटस’ हो सकता है, लेकिन कर्नाटक में कोई सिंधिया नहीं है। कर्नाटक में कांग्रेस ही मजबूत है। अब हमारे पास भी कोई सिंधिया नहीं है। माफी चाहता हूं, सिंधिया जी महाराज नहीं हैं।

MP में कर्नाटक के नतीजों का असर नहीं

BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा- जनता का फैसला सर्वमान्य है। वहां का ट्रेंड ‘एक बार ये, एक बार वो’ का रहा है। मध्यप्रदेश में इसका असर नहीं पड़ेगा। यहां हमने जबरदस्त काम किया है। मिस्टर बंटाधार रहेंगे तो कांग्रेस का सफाया होगा। आगे देखिएगा क्या होगा।

बजरंग बली ने सिखाया- सेवा से देश-प्रदेश को आगे ले जाएंगे
हाल में बीजेपी छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने कहा- भगवान बजरंग बली के नाम को लेकर चुनाव लड़ा गया। बजरंग बली देवता नहीं थे, वह भगवान राम के भक्त थे, सेवक थे बजरंग बली ने हमें सिखाया है कि हम भी सेवा करके देश और प्रदेश को आगे ले जा सकते हैं, न कि उनके नाम का उपयोग करके। मेरे अंदर व्यक्तिगत उत्साह है।

बजरंग बली ने BJP को सबक सिखा दिया 

विधायक तरुण भनोट ने कहा- वे (BJP) धर्म के नाम पर लोगों को बांटते रहेंगे, तो प्रभु का आशीर्वाद नहीं मिल सकता। शनिवार बजरंग बली का विशेष दिन है। कांग्रेस पार्टी को उनका आशीर्वाद मिला है। बजरंग बली ने भाजपा को सबक सिखा दिया है।

बजरंग बली जीते और बजरंग दल हार गया

पूर्व मंत्री उमंग सिंघार ने कहा- यह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की जीत है। एक तरफ बजरंग दल था, दूसरी तरफ बजरंग बली थे। बजरंग बली जीते और बजरंग दल हार गया।

राम मंदिर बन रहा है, फिर भी भाजपा हारी

अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा- मुझे दर्द है कि बजरंग बली और राम मंदिर भी बीजेपी को बचा नहीं पाए। यह खतरे की घंटी है। यह भाजपा के लिए 2024 लोकसभा चुनाव का वेकअप कॉल है। राम मंदिर बन रहा है, फिर भी भाजपा हार गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *