Sunday, June 8, 2025
MPNation

खरगोन में रेलिंग तोड़कर  50 फीट नीचे सूखी नदी में गिरी बस, 3 बच्चों समेत 22 की मौत

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां एक बस 50 फीट ऊंचे पुल से सूखी नदी में गिर गई। हादसे में 22 यात्रियों की मौत हो गई। इनमें 3 बच्चे, 9 महिलाएं और 10 पुरुष शामिल हैं। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। बस खरगोन के बेजापुर से इंदौर की ओर जा रही थी। इसी दौरान, डोंगरगांव और दसंगा के बीच बोराड़ नदी के पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरी। हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ।

खरगोन के सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह चौहान ने बताया कि 3 घायल यात्रियों की मौत जिला अस्पताल में हुई है। करीब 30 से अधिक घायलों को अस्पताल भर्ती कराया गया है। सात घायलों को इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि घटना के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं।

डोंगरगांव के रहने वाले राज पाटीदार ने बताया कि मां शारदा ट्रैवल्स की बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। हादसा साढ़े आठ से नौ बजे के बीच हुआ। पुलिस-प्रशासन से पहले डोंगरगांव और लोनारा के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हमने बस के कांच फोड़कर घायलों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव से पांच मिनट पहले ही बस निकली थी। बस तेज रफ्तार में चल रही थी।

Bus broke the railing and fell into 50 feet below dry river in khargone, 22 including 3 children died, khargone accident, accident, shivraj singh chouhan, khargone bus hadsa, bus hadsa
खरगोन में हादसे के बाद ग्रामीण मदद के लिए पहुंच गए थे।

बस में 50 से अधिक लोग सवार थे

मौके पर एंबुलेंस और प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए। IG राकेश गुप्ता ने बताया कि खरगोन के बेजापुर से इंदौर की ओर जा रही थी। रफ्तार तेज होने के कारण अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए पुल से नीचे जा गिरी। नदी सूखी होने के कारण अधिकतर यात्रियों को चोट लगी है। 15 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी।

ड्राइवर का पता नहीं चला

SDM ने बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से करीब 34 किलोमीटर दूर ऊन थाना क्षेत्र के डोंगरगांव के समीप हुआ। फिलहाल बस चालक का पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक ऐसा लगता है कि ड्राइवर को नींद का झोंका आ गया था, तभी बस अनियंत्रित हो गई।

पीएम मोदी ने जताया हादसे पर दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खरगोन हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा, हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन मौके पर हरसंभव मदद में जुटा है।

Bus broke the railing and fell into 50 feet below dry river in khargone, 22 including 3 children died, khargone accident, accident, shivraj singh chouhan, khargone bus hadsa, bus hadsa
एसडीएम के मुताबिक आशंका है कि ड्राइवर की नींद लगने से हादसा हुआ है।

मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए मुआवजा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। मध्यप्रदेश सरकार ने खरगोन बस दुर्घटना में मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए और मामूली रूप से घायलों को 25-25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने ट्वीट कर घटना पर शोक जताया।

कमलनाथ बोले- घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य की कामना करता हूं

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया शोक जताया है। उन्होंने लिखा- ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है। राहत और बचाव दल को अपने अभियान में शीघ्र सफलता मिले, ऐसी प्रार्थना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *