Sunday, June 8, 2025
Nation

लुधियाना में गैस लीक से बच्चों समेत 11 लोगों की मौत, रिहायशी इमारत में हुआ था रिसाव

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां रिहायशी इमारत में गैस लीक हाेने से बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 5 महिलाओं और 4 पुरुषों समेत 2 बच्चे शामिल हैं। बच्चों की उम्र 10 और 13 साल है।  हादसा ग्यारसपुरा स्थित एक इमारत में सुबह 7:15 बजे हुआ। लुधियाना की एसडीएम स्वाति ने बताया कि गैस रिसाव के बाद 11 लोग बेहोश हो गए। फायर ब्रिगेड, पुलिस और NDRF की टीम मौके पर मौजूद है। इलाके को सील कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

क्षेत्रीय विधायक राजिंदरपाल कौर ने कहा कि इमारत में मिल्क बूथ बना था, जो भी सुबह यहां दूध लेने गया वह बेहोश हो गया। इसके बाद घटना का पता चला। जहां गैस रिसाव हुआ है, उस इमारत के 300 मीटर के दायरे में जाने पर लोग बेहोश हो रहे हैं। किस गैस का रिसाव हुआ और इसकी वजह क्या है, यह अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल वहां रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि अमोनिया गैस ही लीक हुई है।

एक ही परिवार के पांच लोग सोते हुए मारे गए
इलाके में रहने वाले कपिल कुमार नाम के व्यक्ति ने बताया कि उनके परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई है। कपिल ने बताया कि जब गैस लीक हुई, उस समय परिवार के लोग सो रहे थे। उसी दौरान गैस के असर से उनकी मौत हो गई।

सूचना पर क्षेत्रीय विधायक रजिंदर कौर छीना भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। फिलहाल लोगों की जान बचाने के लिए काम किया जा रहा है। पुलिस फैक्टरी के मालिक का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उनका फोकस लोगों को बाहर निकालने पर है। हर घर की जांच की जा रही है।

रेस्क्यू टीम मास्क लगाकर उस इमारत के नजदीक पहुंची, जहां गैस रिसाव की खबर आई थी।
रेस्क्यू टीम मास्क लगाकर उस इमारत के नजदीक पहुंची, जहां गैस रिसाव की खबर आई थी।

जहां गैस रिसी, मास्क लगाकर पहुंची NDRF
अफसरों के मुताबिक लुधियाना के ग्यासपुरा में सुआ रोड पर जिस इमारत से गैस रिसने की बात कही जा रही है, उसका नाम गोयल कोल्ड ड्रिंक्स है। इस इमारत के ऊपरी हिस्से में लोग रहते थे। वहां भी लोगों के बेहोश होने की आशंका है। NDRF की टीम मास्क पहनकर इमारत तक जाने की कोशिश कर रही है।

लोगों को सांस लेने में दिक्कत

बताया जा रहा है कि गोयल मिल्क प्लांट नाम की इस फैक्ट्री में बड़ी कंपनियों के डेयरी उत्पाद आते हैं। आगे सप्लाई किए जाते हैं। फैक्टरी प्रबंधन से भी बात की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मिल्क प्रॉडक्ट को ठंडा करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली गैस लीक हो गई है। 300 मीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को गैस रिसाव के कारण सांस लेने में दिक्कत हो रही है।

हर संभव मदद पहुंचा रहे- CM मान

पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा- लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में गैस लीक की घटना बेहद दुखदायी है। पुलिस, प्रशासन और NDRF की टीमें मौके पर मौजूद हैं। हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। इस बारे में जल्दी ही जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *