इंदौर में एक के बाद 8 गैस सिलेंडरों में धमाका, दुकान की छत उड़ी, दो अन्य दुकानों में लगी आग
इंदौर। इंदौर में दुकान में रखे 8 गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट के बाद आग लग गई। एक के बाद एक लगातार आठ धमाके हुए। दो लोग घायल हो गए। धमाके से दुकान की छत भी उड़ गई। दीवारें भी ढह गईं। इससे सटी दो अन्य दुकानों में भी आग लग गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पास की बिल्डिंग को खाली करा लिया गया है। सिलेंडरों में दो, पांच, चौदह किलो और कॉमर्शियल सिलेंडर शामिल थे।
घटना शिप्रा इलाके में शुक्रवार दोपहर हुआ। मौके पर इंदौर, सांवेर और देवास से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं। मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के लिए फोम का भी उपयोग किया गया। घायलों को देवास के महात्मा गांधी जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

शिप्रा थाना प्रभारी जीएस महोबिया ने बताया कि लोहार पिपल्या का रहने वाला मनीष पटेल छोटे चूल्हे और बर्तन बेचता है। वह घरेलू गैस के छोटे सिलेंडर बेचता भी है। उनकी री-फीलिंग भी करता है। री-फीलिंग के दौरान हादसा हुआ है। मनीष और विशाल नवलिया घायल हुए हैं।
गुरुवार को हुआ था सिलेंडर में ब्लास्ट
गुरुवार सुबह खजराना इलाके के साईंकृपा कॉलोनी की बिल्डिंग के फ्लैट में ब्लास्ट हुआ था। फ्लैट में युवती अकेली रहती थी। रातभर कमरे में गैस रिसती रही। सुबह जैसे ही चाय बनाने के लिए गैस चूल्हा जलाना चाहा, तो ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दिया। धमाके से दरवाजे, खिड़की सामान टूट फूट गया। युवती भी झुलसी हालत में बाहर भागी। अस्पताल में उसकी हालत गंभीर है।