सागर में 34 लोगों से ठगे 72 लाख, कोर्ट ने सुनाई 170 साल की सजा, हर मामले में 5-5 साल जेल
सागर। 34 लोगों से धोखाधड़ी करने वाले को कोर्ट ने 170 साल की सजा सुनाई है। आरोपी ने कपड़े की फैक्ट्री खुलवाने के नाम पर 72 लाख रुपए ठगे थे। कोर्ट ने सभी मामलों में 5 – 5 साल की सजा सुनाई। कहा- यह सभी सजा एक-एक करके शुरू होंगी। यानी एक मामले की सजा खत्म होने के बाद दूसरे मामले की सजा शुरू होगी।
आरोपी नासिर मोहम्मद उर्फ नासिर राजपूत पर जुर्माना भी लगाया है। उसे प्रत्येक पीड़ित को 10 – 10 हजार रुपए 3.40 लाख रुपए देना होगा। शासन की तरफ से पैरवी अपर लोक अभियोजक रामबाबू रावत ने की। कैंट थाना क्षेत्र के करीब चार साल पुराने धोखाधड़ी मामले में अष्टम अपर सत्र न्यायाधीश अब्दुल्लाह अहमद की कोर्ट ने कहा कि दोषी ने 34 लोगों के साथ छल किया है। प्रत्येक पीड़ित के संबंध में पृथक-पृथक दंडित किया जाना आवश्यक है, क्योंकि प्रत्येक पीड़ित के संबंध में आरोपी के द्वारा किए गए अपराध का उत्तरदायित्व भी अलग-अलग है।
चार साल पहले की थी शिकायत
जिला अभियोजन के मीडिया प्रभारी सौरभ डिम्हा ने बताया कि 12 अक्टूबर 2019 को ग्राम भैंसा व सदर के लोगों ने एसपी से शिकायत की थी। कहा गया था कि 11 महीने पहले नासिर मोहम्मद क्षेत्र में रहने आया था। उसने खुद को गुजरात का रहने वाला बताया था। कहा था कि उसका गुजरात का बंगला 7 करोड़ 85 लाख रुपए में बिका है, लेकिन आरबीआई ने मध्यप्रदेश में रुपए आने पर टैक्स के कारण रोक लगा दी है। टैक्स काटकर अमाउंट बैंक आफ बड़ौदा के खाते में आने वाला है।
कपड़े की फैक्ट्री खुलवाने के नाम पर ठगा
नासिर ने लोगों को बताया कि उसका कपड़ों का व्यापार है। उसने सभी को मोबाइल नंबर पर बैंक का एसएमएस और पासबुक की एंट्री भी दिखाई। परिवार में बेटा साउल व दाउद कम्बोडिया, वियतनाम और दुबई में गारमेंट्स का व्यापार करते हैं। उसने कहा कि यदि कोई कपड़ा फैक्ट्री खोलना चाहें, तो वह उनको माल सप्लाई करने में मदद करेगा।
पीड़ित इश्हाक ने दामाद और अन्य लोगों की मदद से नासिर के मार्फत फैक्ट्री का निर्माण किया, जिसमें उसके रुपए खर्च हुए। इसी तरह, नासिर ने कई लोगों से लाखों रुपए ठग लिए। इसके बाद वह सरदार कालोनी में परिवार सहित रहने चला गया। 17 सितंबर 2019 को नासिर इश्हाक के वाहन से भोपाल यह कहकर गया कि उसका पैसा आ रहा है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया भोपाल के अधिकारियों से मिलकर वह बंगले का अमाउंट ले आएगा।
जांच के दौरान बढ़ते गए फरियादी
शिकायतकर्ता इश्हाक ने नासिर मोहम्मद, उसकी पत्नी सारिया, बेटे दानिश साउल, दाउद सुलेमान व ईशापरी के मोबाइल नंबर पुलिस को बताए। मामले में शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया। जांच के दौरान एक के बाद एक फरियादी बढ़ते गए। आरोपी को कर्नाटक के कुलबर्गा से 19 दिसंबर 2020 को गिरफ्तार किया गया था।