बोरवेल में गिरे मासूम की मौत, 5.30 घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकाला था
आलीराजपुर। आलीराजपुर में बोरवेल में गिरे 5 साल का मासूम की मौत हो गई है। उसे 5.30 घंटे बाद निकाल कर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
विजय खंडाला (5) गांव के डावरी फलिया में मंगलवार शाम 4 बजे 250 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था। वह 20 फीट गहराई पर फंसा था। रेस्क्यू टीम ने दो जेसीबी और एक पोकलेन मशीन से बोरिंग के साइड में 25 फीट गड्ढा खोदा। इसके बाद सुरंग बनाकर उसे बाहर निकाला।
कलेक्टर डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने बताया कि विजय पिता दिनेश दोस्तों के साथ घर के पास ही खेत में खेल रहा था। खेत में थैले से ढंकी बोरिंग थी। खेलते-खेलते बच्चों ने थैला हटाया और अंदर झांकने लगे। इसी दौरान विजय उसमें गिर गया था। रात करीब साढ़े 9 बजे उसे बाहर निकाला जा सका।
बोरवेल 250 फीट गहरा है। अच्छी बात ये है कि बोरिंग 20 फीट की गहराई तक 10 इंच चौड़ा है। इसके बाद इसकी चौड़ाई 6 इंच है।
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे।परिजन के साथ मौसा के घर आया था बच्चा
विजय परिजन के साथ अपने मौसा सालम सिंह के यहां आया था। सालम सिंह का मकान बोरिंग से करीब 150 मीटर दूर है।
बता दें कि कुछ दिन पहले राजगढ़ के सारंगपुर में एक 4 साल का बच्चा बोरवेल में गिरा था। 14 घंटे के ऑपरेशन के बाद उसे निकाला गया। उसकी मौत हो गई थी।