महाकाल मंदिर के 5 लाख लड्डुओं का अयोध्या में रामलला को लगेगा भोग, 5 दिन में तैयार करेंगे 250 क्विंटल लड्डू

उज्जैन। अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर भगवान राम को महाकाल मंदिर के लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। प्रसाद स्वरूप चढ़ाने के लिए यहां से 5 लाख लड्डू भेजे जाएंगे।
शुक्रवार सुबह युवा दिवस पर सीएम मोहन यादव की घोषणा के बाद उज्जैन में महाकाल मंदिर की चिंतामन यूनिट पर लड्डू बनना शुरू हो गए हैं। एक करोड़ की 250 क्विंटल लड्डू प्रसादी तैयारी की जा रही है।
कलेक्टर नीरज सिंह और महाकाल मंदिर प्रशासक संदीप सोनी ने गुरुवार को लड्डू बनाने की यूनिट का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने बताया कि लड्डुओं को तैयार करने में 5 दिन लगेंगे। लड्डुओं को अयोध्या पहुंचाने के लिए तीन से पांच ट्रक से भेजेंगे। 17 या 18 जनवरी को लड्डू की खेप उज्जैन से निकलेगी। करीब 21 जनवरी तक लड्डू अयोध्या पहुंच जाएंगे।

5 लाख लड्डू की कीमत एक करोड़ रुपए
महाकाल मंदिर के प्रशासक संदीप सोनी ने बताया कि एक लड्डू का वजन 50 ग्राम हाेगा। इन्हें अलग-अलग डिब्बों में पैक किया जाएगा। इसके लिए रोजाना करीब 100 लोग एक्स्ट्रा काम पर लगेंगे। लड्डू यूनिट में बनेगा, लेकिन उसकी पैकिंग परिसर में होगी। इसके लिए मंदिर समिति 40 x 128 का डोम बनवा रही है।
महाकाल मंदिर का बनने वाला लड्डू शुद्ध होता है। इसमें पानी नहीं मिलाया जाता। लड्डू के पैकेट पर महाकाल मंदिर की ब्रांडिंग होगी। लड्डू बनवाने के लिए महाकाल मंदिर समिति करीब एक करोड़ रुपए खर्च करेगी।
ये सामग्री लगेगी
शुद्ध घी- 80 क्विंटल, शक्कर- 90 क्विंटल, चना दाल- 70 क्विंटल, काजू- 1 टन, किशमिश- 5 क्विंटल, इलायची- 1 क्विंटल
रोजाना बनते हैं 40 क्विंटल लड्डू
यूनिट में आम दिनों में रोजाना करीब 40 क्विंटल बनाया जाता है। इसे 80 लोग तैयार करते हैं। राम मंदिर के लिए रोजाना करीब 50 क्विंटल लड्डू का निर्माण एक्स्ट्रा किया जाएगा। इसके लिए अलग से 100 कर्मचारियों को लगाया जाएगा।

ऐसे बनता है शुद्ध लड्डू
देश भर से भक्त महाकाल मंदिर में पहुंचने वाले भक्त लड्डू प्रसाद ले जाते हैं। यहां के लड्डू को भारत सरकार की संस्था फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने हाइजीन के लिए 5 स्टार रेटिंग दी है।
दरअसल, महाकाल मंदिर में मिलने वाले लड्डुओं को बनाते समय शुद्धता का विशेष ख्याल रखा जाता है। 20 साल से लड्डू प्रसादी तैयार करने वाले राजू हलवाई बताते हैं- लड्डू बनाने से पहले एक बार में 20 किलो बेसन, 5 किलो रवा को 20 किलो देसी घी में मिलाकर भट्टी की तेज आंच पर सेंका जाता है।
डेढ़ से दो घंटे तक यह प्रक्रिया चलती है। सिंकाई के दौरान इस मिश्रण को कड़छे से लगातार मिलाया जाता है। इसके बाद बेसन को बड़ी ट्रे में रखकर ठंडा किया जाता है। इसमें 24 घंटे का समय लगता है। ठंडा होने पर इसमें पिसी हुई शकर, इलायची व ड्रायफ्रूट मिलाया जाता है। हाथों से इसे अच्छी तरह से मिलाने के बाद लड्डू का मिश्रण तैयार हो जाता है।