Saturday, June 7, 2025
MPNation

महाकालेश्वर मंदिर में तैयार लड्‌डुओं के 5 कंटेनर अयोध्या रवाना, CM डॉ. यादव बोले- उज्जैन-अयोध्या का संबंध 2000 साल पुराना

5 containers of laddus prepared in Mahakaleshwar temple sent to Ayodhya, CM Dr. Yadav said - Ujjain-Ayodhya relation is 2000 years old, ayodhya ram mandir, Dr. Mohan yadav, kalluram news, mahakaleshwar temple, Mp news, today updates
भोपाल से महाकालेश्वर में बने लड्‌डू अयोध्या के लिए रवाना हुए।

भोपाल। उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर में तैयार किए गए 5 लाख लड्‌डू शुक्रवार को अयोध्या रवाना हो गए। CM डॉ. मोहन यादव ने  लड्डू प्रसादी से भरे पांच कंटेनरों से भोपाल के मानस भवन से भगवा झंडी दिखाई। सभी कंटेनर श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति ने गुरुवार देर रात भोपाल भेजे थे। ये लड्‌डू प्रसादी 22 जनवरी को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में वितरित की जाएगी। सीएम ने रामगोपाल सोनी की किताब अयोध्या का विमोचन भी किया।

इस मौके पर सीएम ने कहा, जब भी घर से निकलें तो ओम नम: शिवाय का स्मरण करें, तो काम पूरे होते हैं। ये प्रसादी भगवान राम के यहां जा रही है। उज्जैन और अयोध्या का संबंध दो हजार साल पुराना है। मुझे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ जी ने बताया था कि ये भौगोलिक स्वरूप विक्रमादित्य के काल से है। ये मंदिर सम्राट विक्रमादित्य द्वारा बनवाया गया है। ऐसे उज्जैन और अयोध्या का संबंध बनाने का काम किया गया था। 500 साल के संघर्ष के बाद मंदिर बन रहा है।

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि पीएम मोदी जी ने कहा कि अयोध्या एक साथ नहीं आना है, लेकिन जब हमारे प्रदेश का नंबर आएगा तो हम जाणता राजा महानाट्य का मंचन करते हुए अयोध्या जाएंगे।

5 containers of laddus prepared in Mahakaleshwar temple sent to Ayodhya, CM Dr. Yadav said - Ujjain-Ayodhya relation is 2000 years old, ayodhya ram mandir, Dr. Mohan yadav, kalluram news, mahakaleshwar temple, Mp news, today updates
भोपाल में सभी खुशी से झूमने लगे।

बोले- निमंत्रण ठुकराते हैं, भगवान सद्बुद्धि दें
सीएम ने कहा- 500 साल बाद भगवान राम अपने गर्भगृह में पधार रहे हैं। वे कई संघर्षों के दौर से गुजरे हैं। आज कई आत्माएं ढूंढती हैं उनको। भगवान सद्बुद्धि प्रदान करें। मंदिर बनाने वाले मंदिर बना रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा कराने वाले प्राण प्रतिष्ठा करा रहे हैं। इनको प्रेम से निमंत्रण दो तो उसे भी ठुकराते हैं। ऐसे अभागे कौन हो सकते हैं। एक बड़े दल का नेतृत्व करते हैं। भगवान उनको सद्बुद्धि दे। हो सकता है 22 तारीख तक सद्बुद्धि आ जाए।

कंटेनर के ड्राइवर बोले- ये हमारा सौभाग्य है

लड्‌डू लेकर जा रहे कंटेनर के ड्राइवर राजकुमार जायसवाल ने कहा कि हम लोग इंदौर से आए हैं। उज्जैन से पांच लाख लड्‌डुओं का महाप्रसाद लोड हुआ है। हम ये लड्‌डू अयोध्या ले जा रहे हैं। 5 कंटेनरों के ड्राइवर, परिचालक सहित कुल 25 लोग जा रहे हैं। हम 21 तारीख तक अयोध्या पहुंच जाएंगे। हम बहुत उत्साहित हैं, जो ये सौभाग्य हमें मिल रहा है।

सुरक्षा में अयोध्या तक पहुंचेंगे कंटेनर

ये कंटेनर कड़ी सुरक्षा में अयोध्या तक पहुंचेंगे। पूरी तरह से कवर्ड कंटेनरों में ताला लगाया गया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की देखरेख में मंदिर के कुछ कर्मचारियों को इन कंटेनरों के साथ जाएंगे। प्रसाद के सभी पैकेट अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण समिति को सौंपे जाएंगे।

250 कर्मचारियों ने 6 दिन में तैयार किए लड्डू

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक संदीप सोनी ने बताया कि 250 कर्मचारियों ने 6 दिन में लड्‌डू प्रसाद तैयार कर इन्हें पैकेटों में पैक किया। प्रत्येक लड्डू प्रसाद को अलग बॉक्स में रखा गया है। एक बड़े बॉक्स में 448 छोटे बॉक्स रखकर पैकिंग की गई है। बड़े बॉक्स की संख्या करीब 1121 है। यह सभी बॉक्स पांच बड़े कवर्ड कंटेनर में लोड किए हैं। अयोध्या में महाकाल का प्रसाद वितरित होने से श्री महाकालेश्वर मंदिर की ब्रांडिंग होगी। इन लड्‌डुओं की लागत एक करोड़ रुपए आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *