इंदौर में हुकुमचंद मिल के 4800 मजदूरों को मिलेंगे 218 करोड़, PM बोले- गरीब, युवा, महिलाएं, किसान; ये चार जातियां बड़ी

इंदौर। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर इंदौर में हुकुमचंद मिल के मजदूरों की 32 साल की लड़ाई खत्म हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मिल बकाया राशि मिलने की प्रोसेस की वर्चुअली शुरुआत की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 424 करोड़ का चेक सौंपा।
32 साल से मजदूरों की देनदारियां बाकी थीं। मिल के करीब 4800 मजदूरों को उनके हिस्से का पैसा 15 से 30 दिन में रकम मजदूरों के बैंक खातों में आएगी। कनकेश्वरी धाम में हुए आयोजन में CM ने कन्या पूजन से कार्यक्रम की शुरुआत की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंदौर में ‘मजदूरों के हित, मजदूरों को समर्पित’ कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े। कहा कि ‘मेरे लिए देश में चार जातियां सबसे बड़ी हैं- गरीब, युवा, महिलाएं और मेरे किसान भाई। गरीबों की सेवा, श्रमिकों का सम्मान और वंचितों को मान हमारी प्राथमिकता है।’ इंदौर की तारीफ में कहा, ‘स्वच्छता और स्वाद के लिए मशहूर इंदौर कितने ही क्षेत्रों में अग्रणी रहा है।’

पीएम बोले- नई सरकार में ये पहला सार्वजनिक कार्यक्रम
पीएम ने कहा कि BJP की नई सरकार और नए CM और प्रदेश में ये मेरा पहला सार्वजनिक कार्यक्रम है, वो भी मेरे श्रमिक भाई-बहनों के लिए होना संतोष का विषय है। आज 224 करोड़ रुपए का चेक सौंपा गया। ये राशि श्रमिकों तक पहुंचेगी। आपको कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, लेकिन अब आपके सामने सुनहरे भविष्य की सुबह है। इंदौर के लोग 25 दिसंबर को श्रमिकों को न्याय मिलने के दिन के तौर पर याद रखेंगे। MP की नई टीम आने वाले दिनों में नई उपलब्धियां हासिल करेगी। ये मुझे विश्वास है।
464 करोड़ रुपए का भुगतान होना है
इंदौर में मिल की यह कानूनी लड़ाई 32 साल से मजदूर लड़ रहे थे। रविवार को इसे लेकर मजदूर नेताओं की 1652वीं बैठक हुई, लेकिन यह बैठक संघर्ष के अंत की थी। कुल 464 करोड़ रुपए का भुगतान किया जाना है। इसमें से करीब 4800 मजदूरों के खातों में 218 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। बाकी राशि मिल की दूसरी देनदारियों में शामिल है।

इन कामों का शिलान्यास
- नगर निगम का जलूद सोलर प्लांट। लागत 308 करोड़ रुपए।
- विमुक्त और घुमक्कड़ जाति संग्रहालय। लागत 4.30 करोड़ रुपए।
- लोक निर्माण विभाग की RCC सड़कें। लागत 10 करोड़ रुपए।
इन कामों का लोकार्पण
- 6.31 करोड़ की लागत से नगर निगम के 30 संजीवनी क्लीनिक।
- महू कॉलेज में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 1.40 करोड़ के आधुनिक लाइब्रेरी भवन।
- 54 करोड़ से 61 जल जीवन मिशन योजनाओं में नल कनेक्शन।
- 19 करोड़ की लागत से 30 किमी की दो प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना।
- 5.40 करोड़ की लागत से एमवाय में 120 बिस्तर के वार्ड। निगम एरिया में कामकाजी महिलाओं के लिए 100 कैपेसिटी का होस्टल।
- औद्योगिक क्षेत्र में हाउसिंग बोर्ड के एग्जीबिशन सेंटर।