ट्रॉले की टक्कर के बाद 4 गाड़ियों में लगी आग, 3 लोग जिंदा जले; ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा

धार। धार में नेशनल हाइवे पर सोमवार रात बड़ा हादसा हो गया। यहां ट्रॉले ने चार वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गाड़ियों में आग लग गई। घटना में तीन लोग जिंदा जल गए। हादसा एबी-रोड पर राऊ-खलघाट फोरलेन के गणपति घाट पर करीब 7 बजे हुआ।
एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह ने बताया कि तीन लोगों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें से एक इंदौर का होटल कारोबारी और दूसरा बाइक सवार दूधवाला है।
बताया जा रहा है कि घाट पर उतरते समय ट्रॉला के ब्रेक फेल हो गए। इसके बाद ट्रॉल दूसरी लेन में डिवाइडर कूदकर घाट चढ़ने वाली लेन में चला गया। यहां उसने दो ट्रक, एक कार और एक बाइक को चपेट में ले लिया। देखते ही देखते सभी वाहनों में विस्फोट के साथ आग लग गई।
सूचना पर धामनोद और काकड़डा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। धामनोद और महेश्वर से पहुंची फायर ब्रिग्रेड ने आग बुझाने की कोशिश की। करीब तीन घंटे से ज्यादा की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल एक लेन को बंद कर दिया गया है। दूसरी लेन से ट्रैफिक को निकाला जा रहा है। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को अलग-अलग किया।

घायल बोला- मैं कैसे बचकर निकला, नहीं पता
घाट चढ़ रहे ट्रक के क्लीनर फैजान ने बताया कि टक्कर के बाद पता नहीं, कैसे बचकर निकल आया। उसे घायल अवस्था में धामनोद अस्पताल पहुंचाया गया है। उसने बताया कि गाड़ी का ड्राइवर अंदर ही फंस गया था। हम सरिया भरकर इंदौर की ओर जा रहे थे। दूसरी गाड़ियों में कितने लोग थे, इसकी जानकारी नहीं हैं।

कार सवार बोले- दूसरी गाड़ियों में कितने लोग मालूम नहीं
ग्रामीणों के मुताबिक ट्रॉले में कुछ लोग सवार थे। उनके जिंदा जलने की आशंका है। हालांकि अफसरों ने कहा कि आग बुझने पर ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। हादसे में कार सवार एक बच्चा घायल हुआ है। उसके पिता ने बताया कि गोद में बैठे बेटे की सिर में चोट लगी है। टक्कर के बाद हम लोग उतर आए थे। इसके बाद वाहनों में आग लग गई। दूसरी गाड़ियों में कितने लोग थे। इस बारे में जानकारी नहीं है।