Sunday, July 27, 2025
MP

मुठभेड़ में 2 महिला नक्सली ढेर, दोनों पर था 14-14 लाख का इनाम 

बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट क्षेत्र में मुठभेड़ में पुलिस ने दो महिला नक्सलियों को मार गिराया। इनमें से एक दलम की एरिया कमांडर और दूसरी गार्ड थी। दोनों पर 14-14 लाख रुपए का इनाम था। पिछले साल भी पुलिस ने 6 नक्सलियों को मार गिराया था। मौके पर बंदूक, कारतूस और अन्य सामग्री मिली है।

एसपी समीर सौरभ ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार तड़के 3 बजे गढ़ी थाना इलाके में कदला के जंगल में हॉकफोर्स और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें जवानों ने 2 महिला नक्सलियों सुनीता और सरिता को मुठभेड़ में ढेर कर दिया।

सीएम बोले- हमारी पुलिस वीर और सजग 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘मैं पुलिस फोर्स, टास्क फोर्स, बालाघाट पुलिस को बधाई देना चाहता हूं। एनकाउंटर में दो नक्सली और मारे हैं। इन पर 14-14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। हथियारों के साथ सामग्री बरामद हुई है। जवानों का अभिनंदन करता हूं। सवा साल में यह चौथा एनकाउंटर था। इस बीच आठ नक्सली मारे गए, जिन पर 8 करोड़ का इनाम था। हमारी पुलिस की वीरता और सजगता है, जिससे लगातार नक्सलियों का सफाया हो रहा है। हमारा संकल्प विधि के शासन और कानून के राज का ही है। डकैत को पनपने नहीं देंगे। नक्सली फैल नहीं पाएंगे। सिमी के बाद PFI जैसे संगठनों का सफाया कर रहे हैं। अमन-चैन को भंग करने वालों गुंडे-बदमाशों को नहीं छोड़ा जाएगा।

दलम में सक्रिय थीं दोनों महिला नक्सली

सुनीता भोरम देव में एरिया कमांडर रही थी। वह विस्तार दलम में काम कर रही थी। वहीं, सरिता नक्सली कबीर की गार्ड रह चुकी थी। साथ ही वह खटिया मोचा दलम में भी रही थी। वहीं वर्तमान में वह विस्तार दलम में सक्रिय थी। दोनों के शव भी बरामद हो गए।

एसपी समीर सौरभ ने बताया कि मृत नक्सलियों के पास से बंदूकें, कारतूस, बड़ी मात्रा में नक्सली साहित्य और खाने-पीने का सामान बरामद हुआ है। दोनों ही महिला नक्सलियों पर 14-14 लाख का इनाम घोषित था। घटना के बाद बालाघाट पुलिस ने जंगल में तलाशी अभियान छेड़ दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *