Sunday, June 8, 2025
MP

MP में डॉक्टरों ने वापस ली हड़ताल, हाईकोर्ट के आदेश के बाद काम पर लौटे

भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकारी डॉक्टरों ने हड़ताल वापस ले ली है। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के आदेश के बाद डॉक्टरों ने यह निर्णय लिया है। मध्य प्रदेश शासकीय स्वशासी चिकित्सक संघ के मुख्य संयोजक डॉ. राकेश मालवीय ने हड़ताल वापस लेने  पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि हाईकोर्ट के आदेश का हम सम्मान करते हैं। आदेश को पूरा अध्ययन करने के बाद आगामी रणनीति बनाई जाएगी। 

इससे पहले, बुधवार को दिन भर प्रदेश के 15 हजार से ज्यादा सरकारी डॉक्टर बुधवार से हड़ताल पर रहे। हड़ताल के कारण भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के 13 सरकारी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को परेशान होते रहे। गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को ज्यादा दिक्कत हुई। गांधी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध हमीदिया अस्पताल में 32 मरीजों के रूटीन ऑपरेशन टाल दिए गए हैं। इंदौर-जबलपुर में आयुष डॉक्टरों के साथ निजी हॉस्पिटल के डॉक्टरों को भी ड्यूटी पर लगा दिया था।

हाईकोर्ट ने हड़ताल को बताया अवैध

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने बुधवार को प्रदेश में सरकारी डॉक्टरों की हड़ताल को अवैध ठहराया। एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि हड़ताल पर बैठे सभी डॉक्टर तत्काल काम पर लौटें। डॉक्टर अस्पताल में मौजूद अंतिम मरीज का भी इलाज करें। हाईकोर्ट ने ये भी कहा कि आगे से बिना अनुमति हड़ताल नहीं करें। भविष्य में टोकन स्ट्राइक को भी हाईकोर्ट ने अवैध बताया। याचिका जबलपुर के पूर्व पार्षद इंद्रजीत कुंवर पाल सिंह ने लगाई थी। जिस पर चीफ जस्टिस रवि मलिमठ और जस्टिस विशाल मिश्रा की डिवीजन बेंच में सुनवाई हुई।

दिन में बोले पीछे नहीं हटेंगे, रात में हड़ताल वापस

डॉक्टरों ने बुधवार सुबह हड़ताल शुरू की थी, शाम तक मांगों पर अड़े रहे। मप्र शासकीय स्वशासी चिकित्सक महासंघ के मुख्य संयोजक डॉ. राकेश मालवीय ने कहा था कि पिछले 10 साल से अपने मुद्दों और परेशानियों को लेकर सरकार के पास जा रहे हैं। कभी-कभी तो सरकार के प्रतिनिधि वर्षों तक बात नहीं करते। जब हम आंदोलन करते हैं, तो वो बात करते हैं। हड़ताल खत्म कराने के लिए हर बार आश्वासन का झुनझुना पकड़ा देते हैं। आज फिर से डॉक्टर्स एकजुट हुए हैं। उद्देश्य यही है कि जब तक मांगों को लेकर आदेश जारी नहीं हो जाते, तब तक पीछे नहीं हटेंगे। हालांकि हाईकोर्ट के आदेश पर उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के निर्देश के संबंध में संगठन पदाधिकारियों की मीटिंग बुलाई गई है। इसके बाद डॉक्टरों ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *