उज्जैन में 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म, खून से सनी अर्धनग्न हालत में ढाई घंटे भटकती रही
उज्जैन। उज्जैन में 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। खून से सनी लड़की अर्द्धनग्न हालत में ढाई घंटे तक भटकती रही, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी। गंभीर हालत में उसे इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया है। बच्ची ने पुलिस को मां के साथ भी गलत काम होने की बात कही है।
सोमवार शाम महाकाल थाना क्षेत्र में बड़नगर रोड पर दांडी आश्रम के पास घायल अवस्था में लड़की मिली थी। उसके कपड़े खून से सने थे। उसे चरक अस्पताल ले जाया गया। यहां से इंदौर रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने बच्ची के साथ रेप होने की बात बताई।
खून से सनी अर्धनग्न बच्ची सांवराखेड़ी सिंहस्थ बायपास की कॉलोनियों में ढाई घंटे तक भटकती रही। इसके CCTV फुटेज भी मिले हैं। वह आठ किलोमीटर तक पैदल चलती गई। कुछ लोगों ने देखा भी, लेकिन किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी।
उज्जैन SP सचिन शर्मा ने बताया कि बच्ची संभवत: प्रयागराज (UP) की रहने वाली है। मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है। बच्ची ठीक से ज्यादा कुछ बता नहीं पा रही है कि घटना कब और कहां हुई।
CCTV में कई जगह दिखाई दी, ऑटो ड्राइवर हिरासत में
CCTV फुटेज में ऑटो रिक्शा हाटकेश्वर मार्ग पर दिखाई दिया है, जिसमें एक व्यक्ति भी बच्ची के साथ दिखा है। फुटेज की मदद से पुलिस ने मंगलवार रात ऑटोवाले को हिरासत में लिया है। पता चला कि बच्ची नीलगंगा थाना क्षेत्र में सिंहस्थ बायपास के सांवराखेड़ी मार्ग, तिरूपति ड्रीम्स, हाटकेश्वर विहार कॉलोनी समेत चिंतामण ब्रिज मार्ग पर घूमती रही।
तिरूपति ड्रीम्स में वृद्ध से बोली- मेरे पीछे कोई लगा है
फुटेज में बच्ची सोमवार सुबह 5 बजकर 52 मिनट पर तिरूपति ड्रीम्स कॉलोनी में पैदल जाती दिख रही है। इस दौरान सुबह कॉलोनी के एक वृद्ध ने उससे पूछा भी था, वह इतना ही बोली कि कुछ लोग मेरे पीछे लगे हैं। इसके बाद वह रुकी नहीं, वह तेजी से चलती गई। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति से भी पूछताछ की। इससे पता चला कि बच्ची जान बचाकर निकली और उसे समझ नहीं आ रहा था कि कहां जाए और किससे मदद मांगे।
महिला एक्सपर्ट की मदद से बच्ची की बोली समझी
SP शर्मा ने उत्तर प्रदेश निवासी महिला एक्सपर्ट की मदद से बच्ची की बोली समझी। इससे पता चला कि वह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के एक गांव की हो सकती है। जो बोली वह बोल रही है, वहां एक समुदाय के द्वारा बोली जाती है। अब मध्यप्रदेश पुलिस उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क कर परिवार का पता करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस पुराने 72 घंटे के CCTV फुटेज खंगाल रही है। इस दौरान बायपास मार्ग से निकले भारी वाहनों की भी डिटेल निकलवाई जा रही है। इसमें हाटकेश्वर मार्ग के फुटेज में सुराग लगे हैं।
बच्ची ने एक व्यक्ति का चावल नाम बोला
SP सचिन शर्मा ने बताया कि आशंका है कि बच्ची बायपास एरिया में हैवानियत की शिकार हुई है। वह एक व्यक्ति का चावल नाम भी बोल रही है। उसके अंदरूनी जगह पर गंभीर चोटें हैं, लेकिन समय रहते उसे इंदौर भिजवाया, जहां ऑपरेशन के बाद वह खतरे से बाहर है।
कमलनाथ ने कहा- मुख्यमंत्री विहीन हो चुका MP
घटना पर PCC चीफ व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा, ‘ऐसी जघन्य घटना प्रशासन और समाज के माथे पर कलंक है। मैं मुख्यमंत्री से जानना चाहता हूं कि क्या आप सिर्फ चुनाव ही लड़ते रहेंगे और झूठी घोषणाएं ही करते रहेंगे?’ उन्होंने लिखा, ‘मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री के होते हुए भी मुख्यमंत्री विहीन हो चुका है। अपराधी निरंकुश हैं और जनता परेशान है। मैं मांग करता हूं कि अपराधियों को सख्त सजा दी जाए। पीड़िता को उपचार के साथ ही एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।’