रतलाम में दौड़ते समय गिरा 11वीं का छात्र, अस्पताल में मौत; साइलेंट अटैक की आशंका

रतलाम। रतलाम में दौड़ते समय 11वीं का छात्र अचानक गिर गया। उसे अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का मानना है कि यह साइलेंट अटैक हो सकता है। पिछले कुछ दिन से वह आर्मी में जाने के लिए दौड़ने की प्रैक्टिस कर रहा था।
घटना सोमवार सुबह आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज के खेल ग्राउंड की हुई। बालाजी नगर में रहने वाला आशुतोष (17) पिता राधेश्याम कुमावत पिछले एक सप्ताह से लगातार ग्राउंड पर रनिंग करने जा रहा था। सुबह करीब 5.30 बजे वह घर से अपने दोस्त नीलेश के साथ ग्राउंड पर पहुंचा। रनिंग करते हुए अचानक वह अचेत होकर गिर पड़ा।
आशुतोष के दोस्त व अन्य लोग उसे सुबह 6 बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। ड्यूटी पर मौजूद डॉ. पीयूष धवन ने जांच के बाद सीपीआर भी दिया।
डॉक्टर बोले- ग्राउंड पर ही हो गई थी मौत
सिविल सर्जन डॉ. एमएस सागर ने बताया- लड़के को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। हालांकि यहां सीपीआर भी दी गई थी। परिजन पोस्टमार्टम नहीं करना चाहते थे। अभी लगातार 30 साल से कम उम्र के लोगों को अटैक आ रहा है।

परिजन बोले- कोई बीमारी नहीं थी
आशुतोष ज्योति कॉन्वेंट स्कूल में 11वीं का छात्र था। घर में माता-पिता और छोटा भाई 12 साल का आयुष है। पिता एमपीएसईबी में नौकरी करते हैं।
मृतक के माता-पिता की बोलने की स्थिति में नहीं थे। आशुतोष के बड़े बाबा रामचंद्र कुमावत ने बताया कि पिछले 4 से 5 दिन से वह कॉलेज ग्राउंड जा रहा था। सुबह वह दोस्त के साथ ग्राउंड चला गया। कुछ देर बाद फोन आया कि चक्कर आने पर आशुतोष गिर गया है। अस्पताल लेकर आए हैं। 10 मिनट में हम पहुंचे। वह आईसीयू में था। धड़कन काम नहीं कर रही थी। उसे कोई बीमारी नहीं थी। घर में जिम का सामान रखा है। उसने रात में 12 बजे तक टीवी देखी थी।
बहन बोली- आर्मी में जाने का सपना था
आशुतोष की ममेरी बहन नीलू ने बताया कि शुरू से उसे आर्मी की तैयारी करना थी। वह बोलता था- देश के लिए कुछ करना है। शुरू से आर्मी में जाने का लक्ष्य रहा है। पहले कॉलोनी में ही घूमता था। कुछ दिनों से कॉलेज ग्राउंड में जाने लगा था।