10वीं के छात्र की उसकी मां के सामने चाकू मार कर हत्या, जबलपुर में पुराने विवाद में वारदात

जबलपुर (वाजिद खान)। जबलपुर में बदमाशों ने 10वीं के छात्र की उसकी ही मां के सामने चाकू मार कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों से युवक का पुराना विवाद भी चल रहा था। सूचना पर हनुमानताल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। वारदात बुधवार देर रात की है।
यहां मक्का नगर में रहने वाले 18 साल के अरहान ने इस साल 10वीं पास किया था। बुधवार को अरहान के घर मोहर्रम की तैयारी चल रही थी। अरहान रात में मोबाइल पर किसी से बात करते हुए बाहर निकला। बाहर बाइक से टिक कर खड़ा हो गया। इसी बीच, पड़ोस में ही रहने वाले शादाब और नौशाद भी आ गए। दोनों के बीच किसी से बात को लेकर विवाद हो गया।
10th class student stabbed to death in front of his mother in Jabalpur
विवाद इतना बढ़ा कि शादाब और नौशाद ने चाकू से अरहान पर वार करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने कमर, सिर, पैर समेत अन्य जगह वार किए। यह देख अरहान की मां दौड़कर आई। इतने में आरोपी फरार हो गए। सड़क पर लहूलुहान हालत में अरहान पड़ा था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
10th class student stabbed to death in front of his mother in Jabalpur
आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू
अरहान ने 10वीं फर्स्ट डिविजन से पास की थी। वह दो भाई हैं। अरहान पढ़ने में होशियार था। उसकी मां ने बताया कि अरहान का सपना था कि पढ़-लिखकर अब्बू और अम्मी को हज भेजना है।
जानकारी मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस मक्का नगर पहुंची। दोनों ही आरोपी शादाब और नौशाद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मानस उपाध्याय ने बताया कि पहले भी शादाब और अरहान के परिवार वालों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट सामने नहीं आई है। दोनों ही आरोपियों की तलाश की जा रही है।
10th class student stabbed to death in front of his mother in Jabalpur