भोपाल में 10वीं के स्टूडेंट का चाकू मारकर मर्डर, ओवरटेक करने को लेकर विवाद
भोपाल। भोपाल में 10वीं के स्टूडेंट की चार लोगाें ने चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपियों और छात्र के बीच ओवरटेक करने को लेकर विवाद हुआ था। बदमाशों ने छात्र के चेहरे, पेट और हाथ-पैर में 5 से अधिक वार किए। उसे एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बागसेवनिया के अमराई पार्क के पास रहने वाला शुभम रजक (17) 10वीं का स्टूडेंट था। उसके पिता कैलाश रजक बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी में बतौर प्यून काम करते हैं। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे शुभम अपने दोस्त आदित्य संकट, वैभव संकट और अन्य के साथ अमराई स्थित NRI स्कूल के पास से गुजर रहा था।
इसी दौरान उनकी बाइक को आरोपी जम्मू, अरुण और 2 अन्य लड़कों ने ओवरटेक कर दी। इसके बाद वे घूरते हुए निकलने लगे। शुभम और उसके दोस्तों ने ऐसा नहीं करने के लिए कहा। यह सुनते ही आरोपी भड़क गए। गाली-गलौज करते हुए उन्होंने आगे जाकर गाड़ी रोक दी। शुभम और उसके दोस्तों की पिटाई शुरू कर दी।
इस बीच, जम्मू और अरुण ने चाकू निकाल लिए। उन्होंने तीनों दाेस्तों पर चाकू से वार करने लगे। शुभम के चेहरे, पेट और हाथ-पैर में चाकू मारा, जबकि दोनों दोस्तों को भी चोटें आई हैं। तीनों को लहूलुहान हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। इसके बाद राहगीरों ने तीनों को एम्स पहुंचाया, जहां शुभम को मृत घोषित कर दिया गया।
डीसीपी श्रद्धा तिवारी ने बताया कि फिलहाल रंजिश सामने नहीं आई। यह तात्कालिक विवाद था। इसके चलते घटना हुई है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी है।
जानकारी के मुताबिक जिन बदमाशों ने शुभम की हत्या की है, वे उससे पहले से परिचित हैं। उनका पहले से साथ उठना-बैठना रहा है। दोनों पक्ष आस पास के मोहल्ले के रहने वाले हैं।